
Shraddha Case : आरोपी आफताब का नारको टेस्ट हो सकता है। इस बाबत दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से गुहार लगाई है। ऐसे में अब देखना होगा कि कोर्ट का इस पर क्या नजरिया होगा। आरोपी की मेडिकल कंडिशन के आधार पर कोर्ट इस बाबत फैसला देता है। उधर, बुधवार को फिर महरौली के जंगलों में शव के टुकड़ों को तलाशने के लिए पुलिस टीम पहुंची। अभी तक शव के 13 टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को तीन घंटों तक जंगल में उन जगहों की जांच की थी, जहां आफताब ने शव के टुकड़े फेंके थे।
आफताब और श्रद्धा मई महीने में महरौली में एक फ्लैट में शिफ्ट हुए थे। इसके बाद दोनों के बीच 18 मई को झगड़ा हुआ था। आफताब ने गला दबाकर श्रद्धा की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव के 35 टुकड़े किए। फिर वो अगले एक महीने तक टुकड़ों को ठिकाने लगाता रहा।
18 मई की रात को क्या क्या हुआ था, ये जानने के लिए आफताब के साथ दिल्ली पुलिस देर रात फ्लैट में पहुंची। यहां क्राइम सीन को रीक्रिएट किया गया। दिल्ली पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए फ्लैट में एक पुतला लेकर पहुंची थी।
आरोपी अभी चार दिनों तक पुलिस की रिमांड पर है। ऐसे में पुलिस कड़ियां जोड़ने की लगातार कोशिश कर रही है।