
Navjot Singh Sidhu: नवजोत सिंह सिद्धू की जेल से रिहाई नहीं हुई। ऐसा माना जा रहा था कि गणतंत्र दिवस पर उन्हें रिहा कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
दरअसल, गणतंत्र दिवस और 15 अगस्त को राज्यों द्वारा अच्छे व्यवहार करने वाले कुछ कैदियों को विशेष छूट दी जाती है। इनमें रिहाई की छूट भी शामिल है। ऐसा कहा जा रहा था कि पटियाला जेल अधिकारियों ने जो सूची बनाई थी, उसमें सिद्धू का नाम भी शामिल था। कुल 51 कैदियों को विशेष छूट दी जानी थी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। पंजाब की AAP सरकार ने उन्हें छोड़ने पर कोई फैसला नहीं लिया।
अब हो रहा है विरोध
उधर, इस मुद्दे पर सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने ट्वीट करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा - "नवजोत सिंह सिद्धू खूंखार जानवर की श्रेणी में आते हैं, इसलिए सरकार उन्हें आजादी के 75वें वर्ष पर राहत नहीं देना चाहती है। आप सभी से अपील है कि उनसे दूर रहें। सिद्धू 1988 के रोड रेज मौत के मामले में एक साल की सजा काट रहे हैं।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने ट्वीट किया, "प्रिय भगवंत मान, यह कायरता है कि आपने आज नवजोत सिंह सिद्धू को रिहा नहीं किया! आपने न केवल नवजोत सिद्धू बल्कि उन सभी कैदियों के खिलाफ भी घृणा और बदले की भावना देखाई है, जिन्हें गणतंत्र दिवस के चलते रिहा किया जा सकता था।"
20 मई 2022 को पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को सुप्रीम कोर्ट ने एक साल की सजा सुनाई थी।
