
MP Ratlam Murder: मध्य प्रदेश के रतलाम से एक हैरतअंगेज कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। इस शख्स की ये महिला 7वीं पत्नी थी। सवाल ये भी खड़ा होता है कि आखिर इस शख्स ने इतनी शादियां क्यों की थी? दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और महिला ने लोहे की रॉड मारकर पति की हत्या कर दी।
क्या है पूरा मामला?
ये घटना रतलाम के सिमलापाड़ा गांव की है। संतोष बाई की शादी प्रमेश सिंगाड़ से हुई थी। प्रमेश की संतोष 7वीं पत्नी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसके पीछे वजह शराब थी। प्रमेश शराब पीकर अपनी पत्नी को मारता था। इसी बात को लेकर संतोष ने लोहे की राड मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय आरोपी महिला की चार बेटियां और उसका भाई दिनेश गरवाल मौके पर ही थे। इसके बाद महिला ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की, लेकिन उसकी पोल खुल गई।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बुधवार को घटना का खुलासा किया। महिला ने एक्सीडेंट की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस के मुताबिक, न तो वो घायल को अस्पताल ले गए और न ही पुलिस को समय रहते सूचना दी। इसी बात को लेकर शक हुआ।
क्या बताया था महिला ने पुलिस को?
संतोष बाई ने मंगलवार दोपहर 2 बजे पुलिस को बताया कि खेतों में मजदूरी के लिए ट्रैक्टर चलाने का काम करने वाले पति प्रमेश सिंगाड़ (45) सोमवार रात 2 बजे खून से लथपथ स्थिति में घर आए। ऐसा लग रहा था कि जैसे उनका एक्सीडेंट हुआ है। सुबह उनकी मौत हो चुकी थी।
