+

यूपी में लूटपाट के दौरान 80 साल की महिला की हत्या, मंदिर में सेवादार थीं बुजुर्ग, आरोपी गिरफ्तार

UP Crime News: बुलंदशहर जिले के नरसेना थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव एक ‘घेर’ से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
featuredImage

UP Crime News: बुलंदशहर जिले के नरसेना थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव एक ‘घेर’ से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय भाषा में ‘घेर’ गाय-भैंसों को रखने वाले स्थान को कहते हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सुरेंद्रनाथ तिवारी ने सुबह बताया था कि नरसेना थाना क्षेत्र के बुकलाना गांव में ओमवती (80) नाम की महिला का शव मिला है। उन्होंने बताया था कि महिला के पति की दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है और उसके दो बेटे हैं।

गांव के घेर में मिली लाश

घटना की जानकारी मिलते ही यह अंदेशा जताया गया था कि महिला की लूट के लिए हत्या की गयी है। मामले में हत्यारोपी की गिरफ्तारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे थाना नरसेना पुलिस को यह सूचना मिली थी कि एक महिला का शव उसके घेर पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर कुछ चोट के निशान थे और परिवार द्वारा यह भी बताया गया कि उनके पहने हुए आभूषण और मोबाइल उनके पास नहीं हैं।

महिला का मोबाइल फोन और आभूषण बरामद 

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके छह घंटे के अंदर मामले का खुलासा कर दिया। उन्‍होंने बताया कि मामले के आरोपी दीपू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जो उसी गांव का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर महिला का मोबाइल फोन और आभूषण बरामद कर लिया गया है। उन्‍होंने कहा कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपू ने बताया कि सोमवार देर रात चोरी करने के इरादे से वह राजकुमार के घेर में घुसा था, जहां पर राजकुमार की मां ओमवती सो रही थी। उन्होंने बताया कि दीपू ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग महिला आवाज सुनकर जाग गईं और इसके बाद उसने ओमवती की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके पहने हुए आभूषण व मोबाइल लेकर फरार हो गया।

चामुंडा मंदिर पर सेवा का कार्य करती थीं मृतका

एसएसपी ने बताया कि दीपू ने 2021 में भी एक बुजुर्ग महिला भगवती देवी की हत्या कर दी थी जो बुकलाना गांव में ही चामुंडा मंदिर पर सेवा का कार्य करती थीं। उन्होंने कहा कि उस मामले में भी उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था, और वह वर्तमान में जमानत पर था। पुलिस ने घटना के संबंध में महिला के पुत्र राजकुमार की तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 394 (लूट) के तहत एक मामला दर्ज किया है।

(PTI)

शेयर करें
Whatsapp share
facebook twitter