
हिमांशु मिश्रा के साथ चिराग गोठी की रिपोर्ट
Noida Lady Lawyer Murder Latest News: नोएडा में हुई महिला वकील की हत्या में नया खुलासा हुआ है। उसका पति हत्यारा नितिन सिन्हा पूर्व IIS (Indian Information Service) अधिकारी हैं। दरअसल सारी विवाद की जड़ है, वो कोठी, जिसमें नितिन अपनी पत्नी रेनू के साथ रह रहा था। वो इस कोठी को बेचना चाहता था। इसके लिए डीलर के माध्यम से उसका संपर्क अंत्येष नाम के आदमी से हुआ। अंत्येष रविवार को नितिन की कोठी पहुंचा और डील लगभग फाइनल हो गई। अंत्येष ये कोठी पांच करोड़ 70 लाख रुपए में लेने के लिए तैयार हो गया। सोमवार को उसे पेमेंट करनी थी।
इससे बाद अंत्येष वहां से चला गया। इस बीच रेनू की बहन उसे लगातार फोन कर रही थी, लेकिन वो फोन नहीं उठा रही थी। ये बात उन्होंने रेनू के दूसरे रिश्तेदारों को बताई। उनके रिश्तेदारों ने रेनू के पति को फोन किया, लेकिन उसका फोन भी बंद जा रहा था। आखिरकार पुलिस को काल किया गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का गेट बंद था। परिवार वालों की मौजूदगी में पुलिस ने गेट तोड़ा। अंदर देखा तो लाश पड़ी थी।
10 बजे हत्या, शाम 5 बजे पुलिस को मिली सूचना और रात 2 बजे आरोपी गिरफ्तार
रविवार देर रात पुलिस ने आरोपी को भी पकड़ लिया। वो कोठी के ही स्टोर रूम में छिपा हुआ था। देर रात 3 बजे पुलिस ने उसे स्टोर रूम से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि आरोपी नितिन सिन्हा हत्या के बाद स्टोर रूम में छिपकर बैठ गया था और कई घंटों तक वहीं रहा।
नोएडा के डीसीपी हरीश चंद्रा के मुताबिक, आरोपी नितिन 1988 बैंच के IIS अफसर थे। 1998 में उसने वीआरएस ले लिया था। शाम चार से पांच बजे के बीच उनकी मिसिंग की शिकायत मिली थी। मृतका के भाई ने शिकायत दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दरवाजा तोड़कर रेनू की लाश बरामद की। जांच में पता चला कि जब अंत्येष ब्रोकर के साथ कोठी की डील करने आया था, उससे पहले ही रेनू की हत्या कर दी गई थी। रेनू का एक बेटा है, जो विदेश में Financial Analyst है। जब पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो पता चला कि कोई भी बाहर नहीं गया है। खासकर नितिन जाता हुआ दिखाई नहीं दिया। पुलिस का कहना है कि रेनू की हत्या सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कर दी गई थी। एक एक करके सारे फ्लोर चेक किए गए। साथ साथ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया। इस बीच जब देर रात स्टोर की तलाशी ली गई तो वहां आरोपी छिपा बैठा था।
लेकिन इस घटना ने कई सवाल जरूर खडे कर दिए हैं। मसलन
1. रेनू की हत्या की असल वजह क्या थी? क्या कोठी को बेचना का रेनू विरोध करती थी? लेकिन क्यों?
2. नितिन का कोठी बेचने के बाद क्या प्लान था?
3. क्या इसी वजह से नितिन ने रेनू को मार दिया, क्योंकि वो इसका विरोध करती थी?
4. हत्या करने के बाद नितिन घर से भागा क्यों नहीं?
5. वो रेनू के शव को कहां ठिकाने लगाना चाहता था?
6. क्या वो घर में इसलिए मौजूद रहा, क्योंकि उसको पता था कि अंत्येष डील करने आने वाला है।
7. आरोपी ने अपना मोबाइल क्यों बंद कर लिया था?
8. आखिर पुलिस को आरोपी को तलाशने में करीब 9 घंटे क्यों लग गए?
पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।